भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का पहली बार पटना आगमन, हुआ भव्य स्वागत और शक्ति प्रदर्शन।
पटना

पटना- भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन मंगलवार को पहली बार पटना पहुंचे। पटना हवाई अड्डे पर उनका भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। भाजपा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष
संजय सरावगी ने उन्हें मखाना की माला पहनाकर स्वागत किया, जबकि उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शॉल और पुष्प गुच्छ भेंट कर बधाई दी। 45 वर्ष की आयु में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने वाले नितिन नवीन के
स्वागत में पटना एयरपोर्ट से लेकर मिलर हाई स्कूल मैदान और भाजपा प्रदेश कार्यालय तक एक विशाल रोड शो का आयोजन किया गया। इस रोड शो को संगठन की ताकत, एकजुटता और जोश का खुला प्रदर्शन माना जा
रहा है। एयरपोर्ट पर उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा, विधायक ऋतुराज सिन्हा, मंत्री मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल, संजीव चौरसिया सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पटना एयरपोर्ट से
निकलते ही भगवा झंडों, ढोल-नगाड़ों और नारों के साथ कार्यकर्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। शहर की सड़कों पर निकला यह काफिला पूरी तरह उत्साह और जोश से भरा नजर आया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह रोड शो केवल स्वागत यात्रा नहीं, बल्कि यह संदेश भी है कि बिहार भाजपा में नितिन नवीन की भूमिका और हैसियत
कितनी महत्वपूर्ण हो गई है। पटना पहुंचने के बाद नितिन नवीन ने सबसे पहले पटना हाईकोर्ट के पास स्थित भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उनके साथ उप मुख्यमंत्री सम्राट
चौधरी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी मौजूद रहे। आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर अधिवक्ताओं ने नितिन नवीन का जोरदार स्वागत किया और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अधिवक्ताओं ने इसे सामाजिक समरसता और संविधान के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया।




