बांका में आयोजित सम्मान सह मिलन समारोह में बोले उपेंद्र कुशवाहा साथियों की “घर वापसी” से पार्टी को मिली नई ऊर्जा।
बांका

बांका- बांका जिले में आयोजित सम्मान सह मिलन समारोह के दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राज्यसभा सांसद उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि पार्टी के कुछ साथी गलतफहमी के कारण कुछ समय के लिए संगठन से
अलग हो गए थे, लेकिन अब वे पुनः पार्टी में लौट आए हैं। उन्होंने इसे “घर वापसी” बताते हुए कहा कि पुराने साथियों की वापसी से संगठन को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी। उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इस मिलन समारोह के माध्यम से पार्टी में लौटे पुराने साथियों एवं नए
कार्यकर्ताओं का खुले दिल से स्वागत किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से राष्ट्रीय लोक मोर्चा बांका जिले में एक बार फिर तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के अन्य जिलों में भी पार्टी का विस्तार तेजी से हो रहा है और संगठन
निरंतर मजबूत हो रहा है।कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद ने आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें, ताकि आम जनता को उनका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि
प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री जिस तरह से बिहार और देश के विकास की परिकल्पना कर रहे हैं, उसी दिशा में सभी को एकजुट होकर काम करना होगा। इस अवसर पर सासाराम की विधायिका स्नेहलता कुशवाहा ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वह पहली
बार बांका आई हैं और यहां के लोगों से मिलकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई है। उन्होंने बांका के लोगों को सरल, सहयोगी और सकारात्मक सोच वाला बताया। स्नेहलता कुशवाहा ने कहा कि जिन लोगों ने इस अवसर पर पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है, वे पहले भी संगठन से जुड़े रहे हैं और अब पुनः राष्ट्रीय लोक मोर्चा में लौटे हैं। उन्होंने सभी साथियों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकता और आपसी सहयोग है। सभी कार्यकर्ता मिलकर संगठन को और मजबूत बनाएंगे तथा विकास एवं जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएंगे।




