हत्या के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, पैसे की लेन-देन विवाद में हुई थी इंद्रदेव यादव की हत्या — डीएसपी
कैमूर

भभुआ (कैमूर)- भभुआ थाना पुलिस ने हत्या के एक महत्वपूर्ण मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। रविवार को भभुआ एसडीपीओ मनोरंजन भारती ने प्रेस वार्ता कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पैसे की लेन-देन के विवाद को
लेकर इंद्रदेव यादव उर्फ बब्लू यादव की हत्या की गई थी। इस मामले में मुख्य आरोपी कृष्णा यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में लगातार छापेमारी जारी है। घटना की जानकारी देते हुए एसडीपीओ ने बताया कि
कुछ दिनों पूर्व भभुआ शहर के चकबंदी रोड स्थित एक मकान में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिला था। मृतक की पहचान भभुआ वार्ड संख्या 10 निवासी इंद्रदेव यादव उर्फ बब्लू यादव के रूप में हुई थी। प्रारंभिक जांच के बाद परिजनों के बयान पर चार लोगों को नामजद करते हुए भभुआ थाना में एफआईआर दर्ज
की गई थी।पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि अधौरा गांव निवासी कृष्णा यादव का मृतक से पैसों को लेकर विवाद चल रहा था। इसी लेन-देन के विवाद को लेकर आरोपियों ने मिलकर इंद्रदेव यादव की हत्या कर शव को फंदे से लटका दिया, ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान,
मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर कृष्णा यादव को गिरफ्तार किया है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी गहराई से जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। भभुआ थाना प्रभारी मुकेश कुमार और उनकी विशेष टीम इस मामले में
अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस हत्याकांड से जुड़े किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। घटना से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है, जबकि मृतक के परिजन आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।




