लाली पहाड़ी पर चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण जिलाधिकारी द्वारा।
लखीसराय

लखीसराय – जिला पदाधिकारी लखीसराय श्री मिथिलेश मिश्र द्वारा आज लाली पहाड़ी पर चल रहे निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। लाली पहाड़ी क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से अत्यंत
महत्वपूर्ण मानते हुए जिला पदाधिकारी ने विभिन्न कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता तथा समय-सीमा की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि लाली पहाड़ी परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था
रोजाना सुनिश्चित की जाए तथा निर्माण कार्यों में और अधिक गति लाते हुए इसे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी लाली पहाड़ी महोत्सव को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग समयबद्ध
और समन्वित तरीके से कार्य करें, ताकि आगंतुकों को आकर्षक, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जिला पदाधिकारी ने यह भी बताया कि लाली पहाड़ी एक संरक्षित धरोहर स्थल है, ऐसे में इसके संरक्षण, रख-रखाव और निगरानी हेतु मासिक निरीक्षण
अनिवार्य रूप से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि धरोहर स्थल के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखते हुए सभी निर्माण गतिविधियाँ मानकों के अनुरूप की जाएं।
निरीक्षण के दौरान हेरिटेज कंसल्टेंट ने लाली पहाड़ी विकास योजना एवं प्रस्तावित संरचनाओं की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। कंसल्टेंट द्वारा बताए गए विभिन्न चरणों, निर्माण तकनीक, पर्यावरण अनुकूल उपायों तथा
क्षेत्र की ऐतिहासिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए किए जा रहे संरक्षणात्मक कार्यों की जानकारी जिला पदाधिकारी को दी गई। सभी अधिकारियों को जिला
पदाधिकारी ने बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने तथा प्रत्येक प्रगति बिंदु की वास्तविक रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर वरीय उप समाहर्ता सह प्रभारी पदाधिकारी, पर्यटन श्री शशि कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, कार्यपालक
अभियंता भवन प्रमंडल श्री कुणाल कुमार, नगर परिषद टीम तथा PHED के पदाधिकारी तथा श्री अनिल कुमार (प्रोफेसर)उपस्थित रहे।



