
लखीसराय (सूर्यगढ़ा)- आगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन को लेकर सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र संख्या 167 अन्तर्गत पिपरिया प्रखंड के बूथ संख्या 31, मध्य विद्यालय पबई में शुक्रवार को मतदाता जागरूकता
कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वीप (SVEEP) की सहायक नोडल पदाधिकारी सह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, बडहिया श्रीमति रुबी सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान
श्रीमति सिंह ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य “अपने बूथ पर शत-प्रतिशत मतदान” सुनिश्चित करना है। सभी पात्र
मतदाताओं को न केवल स्वयं मतदान करना चाहिए, बल्कि अपने आसपास के लोगों को भी मतदान के प्रति प्रेरित करना चाहिए, ताकि लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत
हों। इस अवसर पर महिला पर्यवेक्षिका नूतन भारती, प्रखंड समन्वयक पूजा कुमारी, आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 67 की सेविका काजल कुमारी, तथा मध्य विद्यालय पबई के शिक्षक-शिक्षिकाएँ, छात्र-छात्राएँ एवं स्थानीय ग्रामीण
उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सामूहिक रूप से मतदाता शपथ दिलाई गई, जिसमें सभी ने निर्भीक, निष्पक्ष एवं उत्साहपूर्वक मतदान करने का संकल्प लिया।





