उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी का मुंगेर दौरा, खड़गपुर अनुमंडल के लिए स्वर्णिम दिन, मिली कई विकासात्मक सौगातें।
मुंगेर

मुंगेर – बिहार के उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी का शनिवार को मुंगेर जिले के खड़गपुर अनुमंडल का दौरा क्षेत्रवासियों के लिए स्वर्णिम दिन साबित हुआ। अपने दो दिवसीय गृह विधानसभा दौरे के क्रम में उन्होंने खड़गपुर अनुमंडल को कई बड़ी विकासात्मक सौगातें
दीं। इस दौरान उन्होंने नव निर्मित 100 शय्या वाले अस्पताल में चिकित्सीय सेवाओं का शुभारंभ किया तथा खड़गपुर झील के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास से जुड़ी योजनाओं का उद्घाटन किया। उप मुख्यमंत्री सह गृह
मंत्री शुक्रवार की देर शाम तारापुर पहुंचे थे। शनिवार को अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सबसे पहले खड़गपुर अनुमंडल के खैरा गांव पहुंचे, जहाँ सैकड़ों ग्रामीणों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’
कार्यक्रम को सुना। इसके पश्चात उन्होंने खड़गपुर अनुमंडल में नवनिर्मित 100 बेड वाले अस्पताल का उद्घाटन कर स्वास्थ्य सेवाओं की शुरुआत की, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होगी।
इसके बाद सम्राट चौधरी खड़गपुर झील पहुंचे, जहाँ उन्होंने झील में नौका विहार का उद्घाटन किया। साथ ही हेलीकॉप्टर से खड़गपुर झील एवं भीम बांध क्षेत्र का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने झील के सौंदर्यीकरण, जलस्तर बढ़ाने और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। झील परिसर स्थित
कैफेटेरिया में उप मुख्यमंत्री ने कई विभागों के सचिवों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की, जिसमें डीजीपी, विभिन्न विभागों के सचिव, स्थानीय विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। अपने
संबोधन में उन्होंने भीम बांध जंगल क्षेत्र में पीपीपी मोड पर वर्ल्ड लेवल के टूरिस्ट पैलेस निर्माण की योजना पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि खड़गपुर झील में गंगा नदी से पानी पहुंचाने की योजना पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। साथ ही भविष्य में झील में पंप पावर स्टोरेज सिस्टम लगाने की योजना है, जिससे कम लागत में बिजली उत्पादन संभव हो सकेगा। इसके अलावा उन्होंने क्षेत्र में कई अन्य जनउपयोगी विकास योजनाओं को लागू करने की स्वीकृति भी दी। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार राज्य के चौमुखी विकास के लिए पूरी तरह संकल्पित है। सरकार का उद्देश्य है कि स्वास्थ्य, पर्यटन, ऊर्जा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कर आम जनता को सीधा लाभ पहुंचाया जाए।




