बिहारराज्यलोकल न्यूज़

राजगीर में नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ, राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, शशि थरूर और सोनल मानसिंह ने किया उद्घाटन।

नालंदा (राजगीर)

नालंदा (राजगीर)- अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल राजगीर स्थित कन्वेंशन सेंटर में पाँच दिनों तक चलने वाले नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 का भव्य शुभारंभ किया गया। महोत्सव का उद्घाटन बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, कांग्रेस सांसद एवं प्रख्यात लेखक शशि थरूर तथा पद्म विभूषण से सम्मानित सुप्रसिद्ध नृत्यांगना सोनल मानसिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि राजगीर जैसे ऐतिहासिक और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल पर साहित्य महोत्सव का आयोजन अत्यंत प्रसन्नता और गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में कला, साहित्य और संस्कृति प्रेमियों का एक मंच पर एकत्र होना विचारों के आदान-प्रदान को सशक्त बनाता है। नालंदा सदैव ज्ञान की भूमि रही है और प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय ने विश्व को ज्ञान की दिशा दिखाने का कार्य किया है। ऐसे साहित्यिक आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, क्योंकि इससे साहित्य के माध्यम से ज्ञान, संस्कृति और मानवीय मूल्यों का व्यापक प्रचार-प्रसार होता है।वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अपने संबोधन में कहा कि ज्ञान की शुरुआत भले ही कक्षा से होती हो, लेकिन नालंदा और राजगीर जैसी ऐतिहासिक भूमि पर साहित्य, संस्कृति और विचारों पर संवाद होना और भी अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। साहित्य सम्मेलन एक ऐसा मंच है, जहाँ विभिन्न विचारधाराओं, परंपराओं और संस्कृतियों के बीच संवाद स्थापित होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम अपनी साहित्यिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचा सकते हैं। शशि थरूर ने नालंदा साहित्य महोत्सव को एक सराहनीय और दूरदर्शी पहल बताया। कार्यक्रम में पद्म विभूषण सोनल मानसिंह ने भी भारतीय कला और संस्कृति की समृद्ध परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य और कला समाज की आत्मा होती है, जो समय के साथ लोगों को जोड़ने का कार्य करती है। नालंदा साहित्य महोत्सव 2025 के अंतर्गत आगामी पाँच दिनों तक साहित्य, संस्कृति, इतिहास और समकालीन विचारों पर आधारित विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त साहित्यकार, लेखक, कवि, इतिहासकार और चिंतक भाग लेंगे। महोत्सव में विचार-विमर्श के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!