मुख्यमंत्री ने गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व की तैयारियों का लिया जायजा।
पटना

पटना – मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज सिख धर्म के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज के 359वें प्रकाश पर्व के अवसर पर की जा रही तैयारियों का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने विभिन्न स्थलों का
दौरा कर व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकाश उत्सव के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पटना साहिब पहुंचेंगे,
इसलिए माइक्रो लेवल पर हर व्यवस्था की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा न हो। उन्होंने आवासन, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को विशेष रूप से दुरुस्त
रखने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कंगन घाट पर बनाए गए टेंट सिटी की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इसके उपरांत उन्होंने पटना साहिब में निर्मित ‘प्रकाश पुंज’ का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बहुद्देशीय प्रकाश केंद्र एवं उद्यान
परियोजना में प्रदर्शित सिख धर्म से जुड़े आध्यात्मिक उपदेशों, प्रदर्शों एवं कलात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने प्रकाश पुंज के सामने निर्माणाधीन वॉच टावर का भी निरीक्षण किया और कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वॉच टावर के पूर्ण होने
से श्रद्धालु प्रकाश पुंज को बेहतर ढंग से देख सकेंगे। उन्होंने बताया कि वॉच टावर परिसर को हरा-भरा एवं आकर्षक बनाया जा रहा है, जहां तालाब निर्माण के साथ-साथ घूमने और बैठने की समुचित व्यवस्था की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने पटना सिटी
के मालसलामी क्षेत्र में नवनिर्मित ओ.पी. साह सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रकाश पर्व के दौरान सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और आयोजन को सफल, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालुओं के लिए स्मरणीय बनाएं।




