जमुई समाहरणालय में जनता दरबार आयोजित- आम लोगों की समस्याओं का हुआ समाधान की दिशा में पहल।
जमुई

जमुई- जिला प्रशासन द्वारा आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में जनता दरबार का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला पदाधिकारी
नवीन कुमार के निर्देशानुसार प्रभारी जिलाधिकारी सुभाष चन्द्र मंडल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। जनता दरबार के दौरान जिला लोक
शिकायत निवारण पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता विभागीय जांच बालमुकुंद प्रसाद ने प्रभारी जिलाधिकारी सह उप विकास आयुक्त सुभाष चन्द्र मंडल के साथ मिलकर फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
प्राप्त आवेदनों और मौखिक शिकायतों पर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कई मामलों में मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू करने के आदेश दिए गए, वहीं कुछ मामलों को जांचोपरांत शीघ्र
निष्पादन के लिए अग्रसारित किया गया। जनता दरबार में भूमि विवाद, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, आवास, पेंशन, राशन, शिक्षा तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों की शिकायतें सामने आईं। अधिकारियों ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निष्पक्ष और
समयबद्ध समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर जन शिकायत कोषांग के नोडल पदाधिकारी विनोद प्रसाद ने जानकारी दी कि आम जनता की समस्याओं के प्रभावी समाधान हेतु प्रत्येक शुक्रवार को मध्याह्न 12 बजे से नियमित रूप से जनता दरबार का आयोजन किया जाता है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं को लेकर निर्धारित समय पर जनता दरबार में उपस्थित होकर प्रशासन से सीधे संवाद करें। जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शिता और जनसुनवाई को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को अपनी बात रखने और समाधान पाने का सशक्त मंच मिल सके।




