
बांका – अमरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जेठोर नदी से सोमवार की सुबह एक युवक का शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शिकानपुर गांव निवासी 35 वर्षीय क्रांति यादव, पिता गनोरी यादव के रूप में की गई है। क्रांति यादव पेशे से मजदूर था और
परिवार का मुख्य सहारा माना जाता था। परिजनों के अनुसार, क्रांति यादव बीते सात दिनों से लापता था। उसकी तलाश को लेकर परिजन लगातार प्रयास कर रहे थे, लेकिन कहीं से भी कोई सुराग नहीं मिल सका। सोमवार सुबह नदी में मछली पकड़ने गए स्थानीय मछुआरों की नजर जब पानी में तैरते शव पर पड़ी, तो
उन्होंने तुरंत गांव में इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए और परिजनों को भी इसकी जानकारी दी गई। मृतक चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके छोटे भाइयों में रोहित यादव, नंदन यादव और अमरेश यादव शामिल हैं। क्रांति यादव की अचानक हुई मौत से पूरे परिवार पर दुखों का
पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी केली देवी, मां उर्मिला देवी और दो नाबालिग पुत्रों को छोड़ गया है। बड़ा बेटा अंकित यादव (12 वर्ष) और छोटा बेटा बादल यादव (10 वर्ष) है। पिता का शव देखते ही दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर अमरपुर थाना
के दरोगा विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला डूबने अथवा अन्य कारणों से मौत
का प्रतीत हो रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है तथा परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि क्रांति यादव शांत स्वभाव का व्यक्ति था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।




