झाझा क्षेत्र में हर वर्ग के मतदाताओं में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर उत्साह देखा गया, कहा मत हमारा अधिकार।
जमुई झाझा

झाझा (जमुई)- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में झाझा विधानसभा क्षेत्र ने मतदान के मामले में इस बार नया कीर्तिमान स्थापित किया। जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में झाझा 70.76 प्रतिशत मतदान के साथ पहले स्थान पर रहा, जबकि दूसरे नंबर पर चकाई विधानसभा क्षेत्र रहा। पूरे दिन मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ और मतदाताओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चली। शुरुआती घंटों में ही मतदान केंद्रों पर महिला और पुरुष मतदाताओं की लंबी कतारें लग गईं। सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत 53.66 तक पहुंच गया था। झाझा विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,39,482 मतदाता (1,77,455 पुरुष और 1,62,017 महिला) के लिए 413 मतदान केंद्र बनाए गए थे। नगर क्षेत्र स्थित आदर्श मध्य विद्यालय को पिंक बूथ बनाया गया था। बूथ संख्या 346 सतीघाट पर
थोड़ी देर के लिए तकनीकी समस्या आई, लेकिन तकनीशियन ने तुरंत सुधार कर मतदान पुनः प्रारंभ करा दिया, जिससे मतदाताओं को कोई असुविधा नहीं हुई। मतदान के दौरान “छोड़ो सभी काम, चलो सबसे पहले करें मतदान” का नारा झाझा में साकार होता दिखा। झाझा क्षेत्र में हर वर्ग के मतदाताओं में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर उत्साह देखा गया। युवा, महिला और बुजुर्ग सभी अपने पसंदीदा प्रत्याशी को वोट देने के लिए सुबह से ही केंद्रों पर पहुंच गए। “पहले मतदान, फिर जलपान” के सिद्धांत पर चलते हुए लोग मतदान कर गर्व
महसूस कर रहे थे। मतदान के बाद कई मतदाता सोशल मीडिया पर सेल्फी शेयर कर दूसरों को भी मतदान के लिए प्रेरित करते दिखे। मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सभी बूथों पर पुलिस बल और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बूथों पर अधिकारियों की विशेष नजर रही। ग्रामीण इलाकों में भी लगातार गश्ती की जा रही थी। शांतिपूर्ण और रिकॉर्ड मतदान के साथ झाझा विधानसभा क्षेत्र की जनता ने 9 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद कर दी है। अब सभी की निगाहें मतगणना के दिन पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि मतदाताओं ने विकास और नेतृत्व के लिए किसे चुना है।




