हेरिटेज वॉक के साथ विश्व विरासत सप्ताह का शुभारंभ, धरोहर संरक्षण हमारी सामूहिक नैतिक जिम्मेदारी: डीएम
लखीसराय

लखीसराय – लखीसराय जिला प्रशासन, लखीसराय द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासतों के संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। हेरिटेज वॉक में बड़ी संख्या
में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला पदाधिकारी श्री मिथिलेश मिश्र ने किया। उनके साथ डीडीसी सुमित कुमार, डीईओ यदुवंश राम,
विभिन्न प्रखंडों के शिक्षक एवं कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। हेरिटेज वॉक का आयोजन विश्व धरोहर सप्ताह के नोडल शिक्षक पीयूष कुमार झा के निर्देशन में किया गया। वॉक का शुभारंभ उच्च विद्यालय बड़हिया परिसर से
हुआ, जो ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक स्थलों से होकर गुजरता हुआ लोहिया चौक पर संपन्न हुआ। मार्ग में श्रीकृष्ण चौक, मां बाला त्रिपुर सुंदरी मंदिर, हाहा बंगला, तिलक मैदान, जगदम्बा हिंदी पुस्तकालय, प्राचीन कालीन
स्थल तथा मथुरा प्रसाद नवीन चौक जैसे महत्वपूर्ण स्थलों को शामिल किया गया। छात्र-छात्राओं की बैंड टीम ने पूरे मार्ग में माहौल को उत्साहपूर्ण बनाए रखा। बैंड संचालन विद्यालय की प्रभारी प्रधानाध्यापिका डॉ. किरण कुमारी एवं संगीत शिक्षक नरेश कुमार द्वारा किया गया। लोहिया
चौक पहुंचने पर जिला पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. श्रीकृष्ण सिंह, मगही साहित्य के प्रख्यात कवि मथुरा प्रसाद नवीन और समाजवादी नेता डॉ. राममनोहर लोहिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की। इस
अवसर पर छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए डीएम श्री मिथिलेश मिश्र ने कहा कि “बड़हिया क्षेत्र ऐतिहासिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों से अत्यंत समृद्ध रहा है। आजादी से पहले भी यह क्षेत्र शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। हमारी विरासतों का संरक्षण केवल प्रशासन
का नहीं, बल्कि हम सभी का नैतिक दायित्व है।” उन्होंने बताया कि लखीसराय जिले में बिहार का दूसरा सबसे बड़ा संग्रहालय अवस्थित है, जिसमें प्राचीन मूर्तियों और कलाकृतियों का अत्यंत महत्वपूर्ण संग्रह सुरक्षित है।हेरिटेज वॉक के क्रम में जिलाधिकारी ने हाहा बंगला एवं
सरस्वती भूषण संस्कृत उच्च विद्यालय का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में शिक्षक नेता मनोज कुमार पाण्डेय, डॉ. रामप्रवेश सिंह, राहुल कुमार, विपिन कुमार सिंह, महेश सिंह, पूर्व पार्षद अमित कुमार, शशिकांत मिश्रा, प्रभाकर
कुमार, प्रेम कुमार सहित कई गणमान्य उपस्थित थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में उत्साह का वातावरण देखा गया। वॉक के माध्यम से विरासत संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान “जन गण मन” के सामूहिक गायन के साथ गरिमामय तरीके से किया गया।




