राज्यलोकल न्यूज़

बरहरवा में झारखंड स्थापना दिवस पर ‘रन फॉर झारखंड’ का आयोजन, उत्साह से दौड़े लोग।

साहिबगंज

बरहरवा (साहिबगंज) संवाददाता (अमर कुमार) : झारखंड राज्य स्थापना दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को बरहरवा में भव्य ‘रन फॉर झारखंड’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा।

यह दौड़ पतना चौक से बरहरवा स्टेशन चौक तक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर आम नागरिकों तक सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दौड़ की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई, जहां झारखंड की एकता, विकास और गौरव का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में बरहरवा और पतना प्रखंड के विकास पदाधिकारी, नगर प्रशासक, कांग्रेस जिला अध्यक्ष, स्कूली छात्राएँ, समाजसेवी तथा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रतिभागियों ने तिरंगा झंडा और झारखंड राज्य के प्रतीक चिन्हों के साथ दौड़ में भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य झारखंड की स्थापना दिवस की महत्ता और भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य योगदान को याद करना था। आयोजन के दौरान लोगों ने बिरसा मुंडा अमर रहे और जय झारखंड जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति और राज्य गौरव के रंग में रंग दिया।

बरहरवा बीडीओ ने इस अवसर पर कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज के हक और सम्मान के लिए जो संघर्ष किया, वह झारखंड के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। वहीं नगर प्रशासक ने युवाओं से आग्रह किया कि वे बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलकर राज्य के विकास में भागीदार बनें। कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ दी गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!