बिहारराज्यलोकल न्यूज़

सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत किया बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ।

जमुई गिद्धौर

गिद्धौर- प्रखंड क्षेत्र में बीते शुक्रवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया। सुबह से ही महिलाओं ने निर्जला उपवास रखकर अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और स्वस्थ जीवन की कामना की। दिनभर उपवास रखने के बाद महिलाओं ने शाम को चंद्र दर्शन कर पारंपरिक विधि-विधान के अनुसार व्रत का समापन किया। सुहागिनों ने पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर सोलह शृंगार किया और करवा चौथ के गीत गाते हुए करवा पूजा संपन्न की। कई जगहों पर महिलाओं ने समूह में एकत्र होकर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं। गिद्धौर बाजार, सेवा, मौरा, बंधौरा, रतनपुर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी इस पर्व की रौनक देखी गई। बाजारों में सजावटी वस्तुएं, ब्यूटी पार्लर, पूजा सामग्री और साड़ी की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल रही। शाम को चांद निकलते ही महिलाओं ने छलनी से चांद का दर्शन कर पति के चेहरे को निहारा और आरती उतारकर व्रत खोला। कई स्थानों पर परिवारों ने इस शुभ अवसर पर विशेष व्यंजन भी बनाए और पारिवारिक सौहार्द के वातावरण में पर्व का आनंद लिया। करवा चौथ के अवसर पर सामाजिक संगठनों द्वारा भी जगह-जगह महिलाओं को शुभकामनाएं दी गईं। इस पर्व ने न केवल वैवाहिक संबंधों की पवित्रता को मजबूत किया, बल्कि पारिवारिक प्रेम और भारतीय संस्कृति की जीवंत झलक भी प्रस्तुत की। गिद्धौर क्षेत्र में करवा चौथ का यह पर्व प्रेम, विश्वास और अटूट रिश्तों की मिसाल बनकर महिलाओं की आस्था और समर्पण का प्रतीक बना रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!