एल.के.बी. नहर के पास दुखद घटना, मिट्टी खुदाई के दौरान हादसा: तीन घायल,एक की हुई मौत।
लखीसराय चानन

लखीसराय – लखीसराय जिले के संग्रामपुर पंचायत में रविवार को मिट्टी खुदाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। एल.के.बी. नहर के पास मिट्टी धंसने से चार लोग गड्ढे में दब गए। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन 13 वर्षीय बालिका राधिका कुमारी की मौत हो गई। वही तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतका की पहचान राधिका कुमारी, पिता बिरजू दास, उम्र 13 वर्ष, निवासी संग्रामपुर के रूप में हुई है। वही घायलों में पूजा कुमारी (17 वर्ष), पिता सीताराम मांझी, पीयूष कुमार (5 वर्ष), पिता केरू मांझी, रेणु देवी (20 वर्ष), पति धर्मेंद्र दास शामिल हैं।
घटना सुबह लगभग 9 से 10 बजे के बीच हुई, जब कुछ लोग एल.के.बी. नहर किनारे मिट्टी की खुदाई कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चार लोग करीब 10 फीट गहरे गड्ढे में मिट्टी खोद रहे थे, तभी अचानक मिट्टी खिसक गई और वे लोग उसमें दब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और तत्परता से बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन की मदद से खुदाई कर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीयूष कुमार को लखीसराय सदर ,रेणु देवी जिनकी जांघ में जेसीबी की नोख लग गई को जमुई सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। घायल पूजा कुमारी ने बताया “हम कुल दस लोग थे छह लोग दूसरे स्थान पर खुदाई कर रहे थे और हम चार अलग स्थान पर थे। इनमें से चार लोग गड्ढे के अंदर मिट्टी खोद रहे थे। अचानक ऊपर से मिट्टी धंस गई और हम दब गए। कुछ देर बाद बाहर के लोगों ने देखा और पास में जेसीबी जो दूसरे कामों में लगा था से खुदाई कर हमें निकाला।”हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुँची और स्थिति का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने नहर किनारे की मिट्टी खुदाई पर रोक लगाने की बात कही है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर किनारे अनियंत्रित मिट्टी खुदाई पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।




