चानन में धूमधाम से सम्पन्न हुआ मां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतज़ाम।
लखीसराय

लखीसराय चानन – लखीसराय जिले के चानन प्रखंड अंतर्गत मननपुर बाजार स्थित मां दुर्गा मंदिर में शुक्रवार, 3 अक्टूबर को माता दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन पूरे श्रद्धा
और हर्षोल्लास के साथ किया गया। दोपहर करीब 2 बजे मंदिर प्रांगण से मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ भगवान गणेश, भगवान कार्तिक, मां लक्ष्मी और मां सरस्वती की
प्रतिमाओं को भव्य शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण के लिए निकाला गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती व पूजा अर्चना की और “जय माता दी” के गगनभेदी नारे से
वातावरण भक्तिमय हो उठा। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिला-पुरुष शामिल हुए। महिलाएं एक-दूसरे को गुलाल लगाकर उत्साह व्यक्त करती दिखीं। नगर भ्रमण
के दौरान सैकड़ों महिलाएं भी इस विसर्जन यात्रा का हिस्सा बनीं। संध्या 6 से 7 बजे के बीच भलुई नदी के तट पर प्रतिमाओं का विसर्जन विधिवत रूप से सम्पन्न हुआ।
इस दौरान लोगों ने नगर और नगरवासियों की सुख-समृद्धि, शांति व मंगलकामना की। पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए
प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए गए थे। चानन थाना से आए पुलिस पदाधिकारी व जवान शोभायात्रा के दौरान लगातार निगरानी में जुटे रहे।
पूजा समिति की ओर से विसर्जन कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई गई। समिति में अध्यक्ष रामानंद वर्मा, सचिव निवास वर्णवाल, कोषाध्यक्ष लखींद्र
वर्मा के साथ अजय वर्णवाल, अरविंद प्रसाद वर्मा, सोहन प्रसाद गुप्ता, रामोतार साव, बजरंगी साव, संजय सुमन, बौधू राम, बमबम यादव, श्रीराम वर्णवाल, कुंदन चौहान,
अजीत लहेरी, चंदन साव, संजय वर्णवाल, श्रीकांत यादव, निरंजन साव, भुनेश्वर यादव, प्रिंस कुमार और मिथिलेश कुमार चौहान विशेष रूप से जुड़े रहे।




