100 प्रतिशत मतदान में भागीदारी की अपील,खैरा प्रखंड के अरुणमाबाक पंचायत में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित।
जमुई

जमुई – आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के दृष्टिगत मतदाता जागरूकता अभियान के तहत खैरा प्रखंड के अरुणमाबाक पंचायत के वार्ड संख्या 01, मतदान केंद्र संख्या 350 क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता सेविका ममता कुमारी ने की।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को संबोधित करते हुए मतदान के महत्व, शत-प्रतिशत मतदान, तथा निर्भीक, निष्पक्ष और नैतिक मतदान की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। सेविका ने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की नींव को मजबूत करने का सबसे बड़ा माध्यम है।उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे आगामी चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लें, क्योंकि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति महिलाओं के पास है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित
बी.एल.ओ. ने उपस्थित लोगों को मतदाता सूची में नाम की जांच करने, मतदान की प्रक्रिया को समझने, और पहचान पत्र की आवश्यकता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक मतदाता का योगदान लोकतंत्र की सशक्तिकरण यात्रा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि यदि महिलाएं परिवार के साथ मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी, तो समाज में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना और भी प्रबल होगी। जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य था कि प्रत्येक मतदाता, विशेष रूप से महिलाएं, आगामी विधानसभा चुनाव में सक्रिय भागीदारी कर 100 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। कार्यक्रम में सेविका श्रीमती ममता कुमारी, संबंधित बी.एल.ओ., आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं कई महिला सदस्यगण सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं। इस दौरान उपस्थित जनसमूह ने भी लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।




