मनियारा जंगल अपहरण कांड: झाझा पुलिस ने एक और आरोपी को हथियार संग दबोचा, तीन पहले ही गिरफ्तार।
जमुई झाझा

झाझा- 24 सितम्बर को झाझा थाना क्षेत्र के मनियारा जंगल से बेलहर थाना क्षेत्र के बघोनिया गांव निवासी संतोष कुमार सिंह के हुए सनसनीखेज अपहरण मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अपहरणकर्ताओं के एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया में शामिल किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश यादव, साकिन योगियाटीला गांव के रूप में हुई है। झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी दिनेश यादव को तेतरियाटीला गांव समीप मनियारा जंगल के पास देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की और भागने से पहले ही आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, पाँच जिंदा कारतूस और एक वॉकी-टॉकी बरामद किया गया। झाझा थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुँचने में मदद मिलेगी। 24 सितम्बर को संतोष कुमार सिंह का अपहरण कर लिया गया था। उसकी बाइक मनियारा जंगल में लावारिस हालत में बरामद की गई थी। दो दिन बाद, 26 सितम्बर को, पीड़ित की पत्नी ने अज्ञात अपहरणकर्ताओं के खिलाफ 2 लाख रुपये फिरौती की मांग को लेकर झाझा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने झाझा और बेलहर थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी अभियान चलाया। तकनीकी निगरानी और त्वरित कार्रवाई के बाद पुलिस ने रविवार को संतोष कुमार को सकुशल बरामद किया। उसी दौरान बाइक से भाग रहे दो अपहरणकर्ता – मीतू यादव (निवासी: दहीवाड़ा, थाना आनंदपुर भैरोगंज, बांका जिला) और विजय कुमार (निवासी: दिग्घीबाड़ी) – को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। अब पुलिस ने चौथे आरोपी दिनेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार छापेमारी अभियान जारी रखे हुए है। एसडीपीओ राजेश कुमार ने कहा कि अपहरण जैसे गंभीर अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की प्राथमिकता है कि फरार आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़कर कानून के हवाले किया जाए और जिले में शांति-व्यवस्था बनाए रखी जाए।




