कुटुंबा विधानसभा में एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन 7 सितम्बर को, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा होंगे मुख्य अतिथि।
औरंगाबाद

औरंगाबाद : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला उपाध्यक्ष रेखा पासवान ने कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से अपील की है कि वे आगामी एनडीए कुटुंबा विधानसभा कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाएँ। यह सम्मेलन आगामी 7 सितम्बर 2025 (रविवार) को अंबा चिल्हकी हाई स्कूल मैदान में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बिहार सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के आगमन की संभावना है।रेखा पासवान ने कहा कि यह सम्मेलन कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र
के लिए एक ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन की नीतियों और योजनाओं को कार्यकर्ताओं तथा आमजन तक पहुँचाने का यह सुनहरा अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर सम्मेलन को सफल बनाएं और संगठन की मजबूती में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। भाजपा जिला उपाध्यक्ष ने जनता से अपील की—“आपका आशीर्वाद और स्नेह हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। संगठन तभी सशक्त बनेगा जब जनता की भागीदारी होगी। हम सभी का लक्ष्य है कि क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए भाजपा की
नीतियों को घर-घर तक पहुँचाया जाए।” इस सम्मेलन को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा जा रहा है। कार्यक्रम स्थल पर तैयारी प्रारंभ हो गई है। मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था और आम जनता के स्वागत के लिए विशेष टीम गठित की गई है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की उपस्थिति रहेगी। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि कुटुंबा विधानसभा क्षेत्र में यह सम्मेलन आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज़ से भी अहम साबित हो सकता है। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा की मौजूदगी से भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल और बढ़ेगा तथा संगठनात्मक स्तर पर नई ऊर्जा का संचार होगा।




