झाझा विधानसभा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी की बदलाव यात्रा जनता के सहयोग से ही संभव होगा बिहार में बदलाव : धर्मदेव यादव।
जमुई

जमुई (अभिषेक सिन्हा)- झाझा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को जन सुराज पार्टी की ओर से आयोजित विधानसभा बदलाव यात्रा उत्साह और जनसमर्थन के बीच निकाली गई। यात्रा की शुरुआत झाझा शहर के मध्य स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण से हुई। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं और नेताओं ने महात्मा गांधी तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर भी पुष्पांजलि अर्पित की। यह श्रद्धांजलि जन सुराज के विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने की प्रतीकात्मक पहल मानी गई।
विधानसभा प्रभारी उमा पंडित के नेतृत्व में यात्रा दर्जनों गाड़ियों के काफिले के साथ शहर से रवाना हुई। जन सुराज पार्टी के संभावित प्रत्याशी धर्मदेव यादव स्वयं इस काफिले में शामिल रहे। सैकड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों का जोश देखते ही बन रहा था।
यात्रा का अगला पड़ाव सिमुलतला रहा, जहाँ सर्वोदयी नेता शिवानंद भाई और सरला बहन की प्रतिमाओं पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इसके बाद केतरू नवादा स्थित एक ऐतिहासिक मजार पर अकीदत के फूल चढ़ाए गए। यह कार्यक्रम सभी धर्मों और समाजों के प्रति सद्भाव और एकता का संदेश देता हुआ आगे बढ़ा। यात्रा का कारवां फिर गिद्धौर पहुँचा, जहाँ कार्यकर्ताओं ने दुर्गा मंदिर में देवी को नमन किया। अंततः लक्ष्मीपुर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ यात्रा का समापन एक सभा के आयोजन से हुआ। सभा को संबोधित करते हुए विधानसभा प्रभारी उमा पंडित ने कहा, “इस यात्रा का उद्देश्य जन सुराज पार्टी की बिहार बदलाव की अवधारणा को गाँव-गाँव और घर-घर तक पहुँचाना है। पार्टी के चुनाव चिन्ह ‘स्कूल का बस्ता’ को प्रचारित कर शिक्षा, विकास और न्याय के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाई जा रही है।”सभा में संभावित प्रत्याशी धर्मदेव यादव ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य बिहार में बदलाव लाना है। उन्होंने कहा–“हम चाहते हैं कि बिहार देश के अग्रणी राज्यों की पंक्ति में खड़ा हो। इसके लिए हम दो वर्षों से लगातार समय, साधन और शक्ति का निवेश कर रहे हैं। आज पूरा विधानसभा क्षेत्र आशा भरी निगाहों से इस मुहिम की ओर देख रहा है। बदलाव केवल जनता के सहयोग से ही संभव है।” यात्रा में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बनता था। प्रमुख रूप से झाझा
प्रखंड अध्यक्ष सत्तार अंसारी, लक्ष्मीपुर प्रखंड अध्यक्ष आनंदी यादव, महामंत्री रामचंद्र यादव एवं हिमांशु मंडल, जिला महामंत्री सत्येंद्र कुशवाहा, जिला किसान अध्यक्ष श्याम किशोर महतो, चकाई विधानसभा के संभावित प्रत्याशी राहुल कुमार सिंह, कालीचरण पंडित, युवा अध्यक्ष गुलशन यादव, भूदेव रजक समेत सैकड़ों समर्थक शामिल हुए। जन सुराज की यह विधानसभा बदलाव यात्रा न केवल राजनीतिक चेतना का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक समरसता और विकास की दिशा में जनता को एकजुट करने का संदेश भी देती रही।




