
साहेबगंज – आगामी दुर्गापूजा पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए साहेबगंज जिला प्रशासन और पुलिस सतर्क हो गई है। इसी कड़ी में रविवार को राधानगर थाना पुलिस प्रशासन ने फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से भाईचारे और आपसी सहयोग के साथ दुर्गापूजा मनाने की अपील की। मिली जानकारी के अनुसार, यह फ्लैग मार्च उधवा प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी (सीओ) जयंत कुमार तिवारी के नेतृत्व में निकाला गया। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में पुलिस बल ने गश्ती की और लोगों को आश्वस्त किया कि प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से सजग और प्रतिबद्ध है। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। साथ ही, दुर्गापूजा जैसे धार्मिक पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का निर्णय लिया।




