बम ब्लास्ट की सूचना मिलने के बाद रेल प्रशासन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने झाझा स्टेशन पर चलाया सघन जांच अभियान।
जमुई झाझा

जमुई झाझा – बिहार में शुक्रवार सुबह 4 बजे चौधरी अशद के ट्विटर अकाउंट से बम ब्लास्ट की सूचना मिलने के बाद रेल प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। इस सूचना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की संयुक्त टीम ने झाझा स्टेशन पर सघन जांच अभियान चलाया। दोपहर तक स्टेशन परिसर, अप-डाउन प्लेटफार्म, यात्री विश्राम शेड और बाहरी क्षेत्रों में यात्रियों के सामान
और गतिविधियों की गहन जांच की गई। सुरक्षा बलों ने यात्रियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत देने की अपील भी की। आरपीएफ इंस्पेक्टर अनिता कुमारी और रेल थानाध्यक्ष बृन्द कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश के बाद अभियान को निरंतर जारी रखा गया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अचानक हुई इस जांच से यात्रियों में थोड़ी असुविधा
जरूर हुई, लेकिन अधिकांश लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को आवश्यक मानते हुए सहयोग किया। रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और यात्री निश्चिंत होकर यात्रा कर सकते हैं। इस कार्रवाई से स्टेशन पर सुरक्षा का माहौल और भी सख्त हो गया है।




