
लखीसराय – लखीसराय जिले में गुरुवार 04 सितंबर की सुबह से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं द्वारा बंद का आह्वान किया गया। यह बंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में बुलाया गया था। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे “मां का अपमान” बताते हुए विरोध
प्रदर्शन किया। सुबह लगभग आठ बजे से ही भाजपा कार्यकर्ता जिले के मुख्य बाज़ारों और सड़कों पर निकल आए। उन्होंने दुकानदारों से अपील कर दुकानें बंद करवाने का काम किया। वही इस दौरान चौक चौराहे पर पुलिस बल दिखाई दिए। कार्यकर्ताओं का कहना था कि
वे शांति और समझाइश के साथ लोगों को बंद का समर्थन करने के लिए कह रहे थे। इस बंद के दौरान आवश्यक सेवाओं को प्रभावित नहीं किया गया। एम्बुलेंस, दवा दुकाने, अस्पताल सेवाएं और बच्चों की स्कूल बसें सामान्य रूप से चलती रहीं। भाजपा कार्यकर्ताओं ने साफ किया कि उनका उद्देश्य आम जनता को परेशानी में
डालना नहीं बल्कि कांग्रेस और विपक्षी नेताओं की निंदनीय बयानबाजी के खिलाफ आवाज उठाना है। बंद के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। “राहुल गांधी मुर्दाबाद”, “तेजस्वी यादव होश में आओ” और “माता का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” जैसे नारों से वातावरण गूंजता रहा। भाजपा
नेताओं ने कहा कि भारत की संस्कृति में मां का स्थान सबसे ऊंचा है। मां का अपमान पूरे समाज का अपमान है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेताओं की यह राजनीति केवल समाज में नफरत फैलाने वाली है, जिसका भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रहे हैं। करीब दोपहर 12 बजे के बाद बाजार और दुकानें धीरे-धीरे खुलने लगीं और जनजीवन सामान्य हो गया। बंद के कारण जिले के मुख्य बाजारों में सुबह से लगभग चार घंटे तक सन्नाटा पसरा रहा, लेकिन इसके बाद सभी गतिविधियां पूर्ववत हो गईं।



