
जमुई (संवाददाता)- शनिवार को जमुई के कचहरी चौक पर जदयू अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद चंद्रवंशी के नेतृत्व में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी द्वारा मतदाता अधिकार यात्रा के दौरान स्वयं को “जननायक” कहे जाने का कड़ा विरोध किया और इसे जनता के साथ छलावा बताया।
कार्यक्रम में मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने हमेशा देश और बिहार को पीछे धकेला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी केवल सैर-सपाटे और खोखली राजनीति के सहारे सुर्खियां बटोरने में लगे रहते हैं, जबकि जनता के असली मुद्दों से उनका कोई सरोकार नहीं है।
इस अवसर पर जदयू जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र महतो ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय की नई मिसाल कायम की है। एनडीए सरकार की नीतियों से गांव-गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य की सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति केवल भ्रम फैलाने और जनता को गुमराह करने तक सीमित है, जबकि नीतीश कुमार और एनडीए सरकार लगातार बिहार के विकास व युवाओं के भविष्य को सशक्त बनाने में जुटी है।
शैलेन्द्र महतो ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार और देश तरक्की की राह पर अग्रसर है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में लागू योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। यही कारण है कि जनता एनडीए के साथ खड़ी है और विपक्ष हाशिए पर चला गया है। पुतला दहन कार्यक्रम में जदयू दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव अरुण भारती, विजय कुमार मंडल, हरिओम कुशवाहा, सुनील वर्णवाल, सोनू रावत, मनोज मंटू, राजेश वर्मा, राकेश कुमार, रोशन शर्मा, प्रिंस कुमार, जमील अहमद, रामानंद सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। अंत में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर राहुल गांधी की राजनीति को बिहार में पूरी तरह अस्वीकार किया और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व को स्थिरता व प्रगति की कुंजी बताया।




