बिहारलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में शहर में मां तुझे सलाम और अमर बलिदानियों को नमन करने के उद्देश्य से निकला भव्य स्वीप तिरंगा यात्रा।

जमुई

जमुई – जिलाधिकारी नवीन कुमार के नेतृत्व में गुरुवार सुबह शहर में मां तुझे सलाम और अमर बलिदानियों को नमन करने के उद्देश्य से भव्य स्वीप तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शहरवासी पूरे उत्साह और देशभक्ति के जोश से लबरेज दिखे। जनसमुद्र की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। करीब एक किलोमीटर लंबे इस मार्च में लोग तिरंगा हाथों में लिए पंक्तिबद्ध होकर चल रहे थे।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से धरा और गगन गुंजायमान हो उठा। स्वीप तिरंगा यात्रा समाहरणालय परिसर से आरंभ होकर राजपथ, कचहरी चौक, महाराजगंज होते हुए श्रीकृष्ण सिंह स्टेडियम में संपन्न हुई। यहां डीएम ने प्रतिभागियों के बीच राष्ट्रध्वज वितरित कर कार्यक्रम का औपचारिक समापन किया। डीएम नवीन कुमार ने कहा कि देशभक्ति की भावना को मजबूत करने और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान बढ़ाने के लिए 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसी क्रम में तिरंगा यात्रा के माध्यम से भारत माता को सलाम करते हुए अमर शहीदों को भावांजलि दी गई। उन्होंने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्य की जानकारी देते हुए पात्र नागरिकों से मतदाता बनने की अपील की और जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देश की संप्रभुता और अखंडता बनाए रखने के लिए संकल्पित रहना चाहिए। उन्होंने पीएम मोदी के आह्वान पर निकाली गई इस यात्रा को ऐतिहासिक करार दिया। शहर के प्रमुख मार्ग तिरंगे से सजे नजर आए। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों की गूंज रही और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं उनके तीन बंदरों की झांकियां आजादी को अक्षुण्ण रखने का संदेश दे रही थीं। इस अवसर पर डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, एडीएम रविकांत सिन्हा, डीटीओ मो. इरफान, डीपीआरओ वीरेंद्र कुमार, एसडीएम सौरभ कुमार, नजारत उप समाहर्ता भानु प्रकाश, ईओ डॉ. प्रियंका कुमारी, जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. नजरूल हक, जिला अवर निबंधक विनीत कुमार, उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार, युवा, कला एवं संस्कृति विभाग के विकेश, अवर निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. मेनका कुमारी, डीपीओ रश्मि रंजन, सीडीपीओ आभा कुमारी, नगर थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार, डीआईओ पुरुषोत्तम कुमार, झुन्ना सिंह समेत जिले के अन्य अधिकारी, स्कूली बच्चे, स्काउट-गाइड और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बताया गया कि इसी तरह की स्वीप तिरंगा यात्राएं जिले के सभी प्रखंडों में भी जोश और उमंग के साथ निकाली गईं, जिनमें स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को राष्ट्रप्रेम और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में भागीदारी का संदेश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!