
जमुई झाझा- नबाब रोड स्थित श्री दादी मंदिर में आयोजित दो दिवसीय भादो महोत्सव का समापन शनिवार को श्री नारायणी मंगल पाठ वाचन के साथ हुआ।
महोत्सव की शुरुआत शुक्रवार की शाम दादीजी के भव्य श्रृंगार दर्शन, भजन संध्या, छप्पन भोग, ज्योत प्रज्वलन एवं पूजन कार्यक्रम से हुई। शनिवार को समाज की महिलाएं राजस्थान के पारंपरिक परिधान पहनकर मंगलपाठ में सम्मिलित हुईं।
मंगलपाठ की शुरुआत झारखंड राज्य के धनबाद से आए सुविख्यात भजन गायक परितोष–मिनी की युगल जोड़ी ने गणेश वंदना “आयो आयो गजानंद” से की। इसके बाद प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और दादीजी के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। मंगलपाठ में दादीजी के जन्म से लेकर बाल्यावस्था, गृहस्थ जीवन, युद्ध और सती होने तक की संपूर्ण गाथा का भावपूर्ण वर्णन किया गया।
श्रद्धालुओं ने रोली और काजल की टिक्की अर्पित कर दादीजी से आशीर्वाद प्राप्त किया। महोत्सव को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सीताराम पोद्दार, सदस्य संजय बंका, गुड्डू सुल्तानिया, प्रशांत सुल्तानिया, अनिल व रवि अग्रवाल, अजय छापड़िया, आयुष बंका तथा महिला सदस्य रिंकू बंका और पूनम सुल्तानिया सहित अन्य सदस्य सक्रिय रहे।




