बीआरसी भवन में स्थाई आधार केंद्र का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी द्वारा।
बरहरवा

संवाददाता (अमर कुमार) – बरहरवा प्रखंड परिसर में स्थित बीआरसी भवन में आज स्थाई आधार केंद्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी रॉबिन चंद्र मंडल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
स्थाई आधार केंद्र शुरू होने से स्थानीय लोगों को अब आधार कार्ड से संबंधित कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। इस केंद्र पर नए आधार पंजीकरण, मोबाइल नंबर अपडेट, पता सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट समेत अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
उद्घाटन अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी सन्नी कुमार दास ने कहा कि इस स्थाई केंद्र से आम लोगों को काफी सुविधा होगी और आधार से जुड़ी समस्याओं का निवारण यहीं स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेगा। उन्होंने आधार ऑपरेटर को स्पष्ट हिदायत देते हुए कहा कि प्रखंड क्षेत्र के लोगों को आधार से संबंधित सेवाएं सुचारू, पारदर्शी और समय पर मिलनी चाहिए। बीडीओ ने निर्देश दिया कि सेवाएं लेने आने वाले हर नागरिक के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।वहीं आधार ऑपरेटर यासिर अहमद ने कहा कि वे पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ लोगों को आधार से संबंधित सभी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने बताया कि केंद्र पर प्रतिदिन अधिक से अधिक लोगों को सेवा देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसी को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।स्थाई आधार केंद्र शुरू होने से प्रखंड क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और अब उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।




