21 दिन बाद पुनपुन नदी से बरामद हुआ लापता व्यक्ति का शव,पुलिस और SDRF की संयुक्त कोशिश से।
औरंगाबाद

औरंगाबाद नवीनगर – माली थाना क्षेत्र के सिमरी धमनी गांव के समीप पुनपुन नदी में 21 दिन पूर्व डूबे मोती वीघा गांव निवासी जगदीश यादव का शव आखिरकार बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जगदीश यादव
अपने मवेशियों को चराने के लिए सिमरी धमनी स्थित पुनपुन नदी किनारे गए थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वे नदी में जा गिरे। तेज बहाव में बह जाने से उनकी डूबकर मौत हो गई।घटना के बाद से ही स्थानीय ग्रामीण लगातार नदी में उनकी तलाश कर रहे थे। परिजनों और ग्रामीणों के अथक प्रयास के बावजूद शव बरामद नहीं हो सका। 21 दिनों तक चली खोजबीन के बाद शुक्रवार को माली थाना क्षेत्र के बभंडी प्राथमिक विद्यालय के समीप पुनपुन नदी से उनका शव मिला।
माली थानाध्यक्ष के प्रभार में कार्यरत सुबोध कुमार मंडल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद से ही पुलिस लगातार शव की बरामदगी के लिए प्रयासरत थी। इस अभियान में एसडीआरएफ टीम की भी मदद ली गई। टीम के सहयोग से शुक्रवार को शव बरामद किया गया और आगे की कार्रवाई के लिए पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया गया है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने भी इसे अत्यंत दुखद बताते हुए मृतक परिवार को सांत्वना दी।




