लोकल न्यूज़

महिला संवाद कार्यक्रम से महिलाओं में दिख रहा सकारात्मक प्रभाव,22 गाँव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं का जुटान।

जमुई

जमुई – जमुई जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम ने ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को जागरूकता, आत्मविश्वास और समाधान की दिशा में एक सशक्त मंच प्रदान किया है। सोमवार 9 जून को जमुई जिले के विभिन्न प्रखंड सदर, लक्ष्मीपुर, झाझा, सोनो, चकाई, खैरा, सिकंदरा एवं अलीगंज के 22 गाँवों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महिलाओं को कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान की दिशा में कदम उठाने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।

 सोमवार को जिले के 22 गाँव में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान जिले की महिलाओं ने न केवल अपने अनुभव साझा किए, बल्कि परिवहन, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। संवाद कार्यक्रम में महिलाओं की बढती भागीदारी ने यह साबित किया कि वे अब अपनी जरूरतों और अधिकारों को लेकर पहले से कहीं अधिक सजग और मुखर हो रही हैं। जमुई सदर प्रखंड के अगहरा-बरबट्टा गाँव में ज्ञान ज्योति ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार ने सहभागिता की और उपस्थित महिलाओं को जीविका से जुड़ने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जीविका एक ऐसा माध्यम है जिससे महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि उन्हें दीदी की रसोई, स्टिचिंग सेंटर आदि में रोजगार भी दिया जा रहा है। खैरा प्रखंड के दबिल में आयोजित संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने सामूहिक रूप से चौक-चौराहों पर स्ट्रीट लाईट लगाने की आकांक्षा व्यक्त की है, जिससे आमजनों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की आवाजाही सुरक्षित हो सके| जिले के सभी प्रखंड से सोलर लाइट लगाये जाने की मांग आकांक्षा के रूप में आ रही है। अमुमन यह देखा गया है कि जमुई जिले की सड़क के किनारे स्ट्रीट लाईट का अभाव है, जिसके कारण दुर्घटना का भय बना रहता है। खैरा के जीतझिन्गोई पंचायत में चमत्कार ग्राम संगठन द्वारा आयोजित संवाद कार्यक्रम में महिलाओं ने स्कूल, कालेज में बालिकाओं के लिए सेनेटरी नैपकिन मशीन लगाये जाने की मांग की। लक्ष्मीपुर प्रखंड के खिलार पंचायत में महिलाओं ने गाँव के बच्चों के लिए खेल मैदान की मांग की, जिससे बच्चों का बौद्धिक और शारीरिक विकास हो सके। सोनो प्रखंड के सोनो ग्राम वार्ड 3, 4 एवं 5 की महिलाओं के द्वारा प्रखंड स्तर पर महिला हेल्पलाइन सेंटर की स्थापना की मांग की गई, ताकि किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में महिलाएं शीघ्र सहायता प्राप्त कर सकें। झाझा के सिमुलतला में स्थानीय परिवहन की समस्या पर बोलते हुए कई महिलाओं ने कहा कि इस क्षेत्र में सरकारी बस सेवा की सुविधा होनी चाहिए, जिससे उन्हें सुरक्षित, सस्ता यातायात उपलब्ध हो सके। विगत 53 दिन से चल रहे संवाद कार्यक्रम की खास बात “महिला संवाद रथ” रही, जिसके माध्यम से जिले के हर ग्राम संगठनों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुँचाई जा रही है। यह रथ ऑडियो-विजुअल से सुसज्जित है, जिसमें 45 मिनट की फिल्म दिखाकर साइकिल योजना, पोषाक योजना, जीविका के कार्य, आरक्षण नीति, और लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान जैसी योजनाओं के बारे में दिखाया जाता है| कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संदेश पत्र पढ़कर सुनाया गया एवं उपस्थित महिलाओं के बीच सरकारी योजनाओ से संकलित लीफलेट वितरित किये गये। महिला संवाद कार्यक्रम का सकारात्मक प्रभाव जमुई जिले की महिलाओं में देखने को मिल रहा है| यह कार्यक्रम अब सिर्फ जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देकर उन्हें अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित कर रहा है। जहाँ पहले महिलाएँ अपनी समस्याओं को दबा लेती थीं, वहीं अब वे न सिर्फ समस्याएँ उठा रही हैं, बल्कि उसका निदान भी बता रही हैं। यह कार्यक्रम आने वाले समय में महिला सशक्तिकरण का एक मजबूत आधार बनेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!